अतुल चौहान की पत्नी दीपशिखा की तहरीर पर हुई कार्रवाई
जनक्रांति ब्यूरो

हरिद्वार। भाजपा के दो गुटों के बीच हुए गंभीर विवाद के मामले में पुलिस ने दूसरे पक्ष की ओर से जिला पंचायत उपाध्यक्ष समेत छह लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि कनखल थाना क्षेत्र के नूरपुर पंजनहेड़ी गांव में अवैध प्लॉटिंग के विरोध को लेकर हुए टकराव में जान से मारने की नीयत से आरोपियों ने हमला किया। पुलिस ने मामले में भाजपा नेता अतुल चौहान की पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज किया है। मालूम हो कि इसी मामले में भाजपा नेता अतुल चौहान ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया था।
दीप शिखा चौहान पत्नी अतुल चौहान निवासी नूरपुर पंजनहेड़ी की शिकायत कर बताया कि पति अतुल चौहान लंबे समय से क्षेत्र में बागों की अवैध कटाई और कृषि भूमि पर हो रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्रशासन और हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण में शिकायतें कर रहे थे। इस संबंध में उन्होंने नैनीताल हाईकोर्ट में जनहित याचिका भी दाखिल की थी। इसी कारण भू-माफिया और उनसे जुड़े लोग उनसे रंजिश रखने लगे थे। तहरीर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान और उनके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
बताया गया कि हाईकोर्ट ने 16 अक्टूबर 2024 को अतुल चौहान को सुरक्षा दिए जाने के आदेश भी पारित किए थे। इसके बावजूद 28 जनवरी 2026 को खसरा संख्या 154 और 158 ग्राम नूरपुर पंजनहेड़ी में हो रही अवैध प्लॉटिंग की पैमाइश के लिए तहसीलदार और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से अतुल चौहान को घटना के दिन सुबह मौके पर बुलाया। अतुल चौहान अपने भतीजे तरुण चौहान के साथ कार से मौके पर पहुंचे, जहां पहले से मौजूद अमित चौहान, सचिन चौहान, कृष्णपाल उर्फ नानू, शोभित चौहान, सहदेव और पांच-छह अज्ञात लोग लाठी-डंडों, पिस्टल और तमंचों से लैस थे।
आरोप है कि हमलावरों ने अतुल चौहान और तरुण चौहान की कार को घेरकर जान से मारने की नीयत से हमला किया। कार से उतरते ही दोनों पर लाठी-डंडों से प्राणघातक हमला किया गया और पीछे से छिपकर फायरिंग भी की गई। किसी तरह दोनों बाल-बाल बचे। अपनी जान बचाने के लिए अतुल चौहान ने भी अपनी लाइसेंसी पिस्टल से जमीन की ओर फायर किया। घटना के बाद अतुल चौहान ने आत्मसमर्पण किया और अपनी लाइसेंसी पिस्टल पुलिस के सुपुर्द कर दी। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि जिला उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष अमित चौहान समेत अन्यों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
