क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार दोबारा बनाने और किसानों को जल्द मुआवजा देने के निर्देश, वन विभाग से मांगा स्थायी समाधान

जनक्रांति ब्यूरों
बहादराबाद, हरिद्वार। ग्राम औरंगाबाद में हाथियों के खेतों में घुसने से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मामला सामने आने के बाद रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और किसानों से उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक ने अधिकारियों को फसल नुकसान का निष्पक्ष आकलन कर प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने के निर्देश दिए।

टूटी सुरक्षा दीवार से हाथियों की आवाजाही पर चिंता
विधायक आदेश चौहान ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाथियों की आबादी और कृषि क्षेत्रों में आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाएं। उन्होंने राजाजी राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक से फोन पर वार्ता कर पहले क्षतिग्रस्त हो चुकी सुरक्षा दीवार का पुनर्निर्माण कराने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा।

विधायक ने कहा कि हाथियों के कारण किसानों की फसलें बार-बार बर्बाद होना गंभीर समस्या है। किसानों को नुकसान से बचाने के लिए केवल मुआवजा देना पर्याप्त नहीं, बल्कि वन्यजीवों की आवाजाही रोकने के स्थायी उपाय भी जरूरी हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य बिमलेश देवी, विजय चौहान, शशांक चौहान, चरण सिंह समेत वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
