जनक्रांति ब्यूरो
बहादराबाद। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। खासतौर पर शाम ढलते ही देहात क्षेत्र में बिजली गायब हो जाने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच घंटों की कटौती से लोग खासे परेशान नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि रोजाना शाम होते ही बिजली चली जाती है और देर रात तक आपूर्ति बहाल नहीं होती। इससे घरों के जरूरी कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई, खाना बनाने से लेकर पेयजल की व्यवस्था तक प्रभावित हो रही है। कई गांवों में इनवर्टर भी जवाब दे चुके हैं, जिससे अंधेरे और उमस में लोगों को रात गुजारनी पड़ रही है। लोगों का आरोप है कि बिजली कटौती बिना किसी पूर्व सूचना के की जा रही है, जिससे दिक्कतें और बढ़ जाती हैं। दिनभर की गर्मी के बाद शाम के समय लोग थोड़ी राहत की उम्मीद करते हैं, लेकिन बिजली न होने से हालात और खराब हो जाते हैं।
वहीं, क्षेत्र में छोटे दुकानदार और कारोबारी भी प्रभावित हो रहे हैं। दुकानों पर अंधेरा छाने से व्यापार पर असर पड़ रहा है। ग्रामीण इलाकों में लगे नलकूप और पानी की मोटरें भी प्रभावित हो रही हैं, जिससे पेयजल संकट गहराने लगा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि यदि बिजली कटौती आवश्यक है तो उसका समय निर्धारित कर पूर्व सूचना दी जाए, ताकि लोग अपने कार्यों की योजना बना सकें। साथ ही अनावश्यक कटौती पर रोक लगाकर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
