
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए सशस्त्र प्रशिक्षण केन्द्र, हरिद्वार में सोमवार से छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक आयोजन कुम्भ मेले को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस बल का प्रशिक्षित होना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन, संचार व्यवस्था, डिजिटल तकनीकों के उपयोग, जनसंपर्क और महिलाओं व दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। सेवानिवृत्त अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश देवली और सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल सहित विशेषज्ञ छह दिनों तक प्रशिक्षण देंगे।
एडीजी ने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ ग्रहण करने तथा कुम्भ मेले की ड्यूटी के दौरान उसका प्रभावी उपयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक (कुम्भ मेला) डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुम्भ मेला आयुष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक (यातायात) निशा यादव और अपर पुलिस अधीक्षक सशस्त्र प्रशिक्षण केन्द्र अनुषा बडोला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अधिकारियों, प्रशिक्षकों और प्रशिक्षणार्थियों ने कुम्भ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने का संकल्प भी लिया।
