
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार और आय बढ़ाने का मजबूत माध्यम बन रही है। जनपद में महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने रक्षाबंधन के अवसर पर हस्तनिर्मित राखियों की बिक्री कर अब तक 7 लाख 15 हजार रुपये की आय अर्जित की है।

जिला परियोजना प्रबंधक (रीप) संजय सक्सेना ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं रीप के तहत जिले में 36 स्थानों पर राखी बिक्री स्टॉल लगाए गए हैं। ये स्टॉल 21 से 30 अगस्त तक संचालित किए जा रहे हैं।

प्रत्येक स्टॉल से प्रतिदिन औसतन करीब चार हजार रुपये की बिक्री हो रही है।
महिलाओं द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियों को लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। इससे ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के साथ अपनी आमदनी बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। पहल से ‘वोकल फॉर लोकल’ को भी बढ़ावा मिल रहा है।
