आधी रात को निर्माण कार्यों का जायजा लेने पहुंचे मयूर दीक्षित, डामरीकरण की गुणवत्ता पर सख्ती
हरकी पैड़ी के मंदिरों, घाटों और पुलों का सौंदर्यीकरण दीपावली से पहले पूरा करने के निर्देश, काम में तेजी के लिए बढ़ेंगे श्रमिक

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। कुंभ मेले से पहले हरिद्वार की सड़कों को गड्ढामुक्त करने और गंगा घाटों को संवारने के काम में तेजी लाने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। शनिवार देर रात जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि काम तय समयसीमा में पूरा किया जाए। गुणवत्ता से समझौता और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दीपावली तक हरकी पैड़ी को संवारने का लक्ष्य

जिलाधिकारी ने चंडी घाट चौक, शंकराचार्य चौक, प्रेम नगर चौक, सिंहद्वार, गुरुकुल कांगड़ी हाईवे और हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे निर्माण, पेंटिंग और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति परखी। हरकी पैड़ी क्षेत्र में मंदिरों, घाटों और पुलों के सौंदर्यीकरण कार्यों को दीपावली से पहले हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
डामरीकरण में गुणवत्ता से समझौता नहीं

सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को डामरीकरण का काम निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने को कहा गया। डीएम ने निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत में तेजी के साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

श्रमिक बढ़ाकर तेज करें काम
निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही रात में चल रहे कार्यों की प्रभावी निगरानी और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम पूरा करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि प्रगति की लगातार समीक्षा की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, राष्ट्रीय राजमार्ग के डिप्टी मैनेजर प्रज्वल, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित संस्थाओं के अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।
