
सोशल मीडिया पर अश्लील टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
रानीपुर पुलिस ने 12 घंटे के भीतर सहारनपुर से पकड़ा, कथित घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। सोशल मीडिया पर कथित अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां करने, व्हाट्सएप कॉल कर पांच करोड़ रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में रानीपुर कोतवाली पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पूर्व ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर की पुत्री की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होने के करीब 12 घंटे के भीतर पुलिस ने सहारनपुर स्थित आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने का आरोप
पुलिस के अनुसार, टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी वादिया ने 24 अक्टूबर की रात रानीपुर कोतवाली में तहरीर दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि महिला ने सोशल मीडिया पर अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां कर उनके परिवार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया। इसके बाद व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने 25 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित सदर बाजार क्षेत्र के गोविंदनगर से आरोपी महिला को हिरासत में लिया।
तीन जिलों में नौ मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला के खिलाफ हरिद्वार, देहरादून और सहारनपुर के विभिन्न थानों में पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामले शामिल हैं। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक संदीपा भंडारी, हेड कांस्टेबल गोपीचंद, कांस्टेबल कुलदीप तथा महिला कांस्टेबल मोनिका और मीनाक्षी शामिल रहीं।
