
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। श्यामपुर और आसपास के ग्रामीणों को आखिरकार स्वास्थ्य सुविधा की सौगात मिल गई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने शुक्रवार को श्यामपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया। केंद्र में शनिवार से ओपीडी शुरू हो जाएगी। भविष्य में इसे ट्रामा सेंटर के रूप में विकसित करने की भी तैयारी है।

स्वास्थ्य सचिव ने सीएमओ को केंद्र पर डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की तैनाती के साथ जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार देने के लिए केंद्र पर जल्द अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी।
स्वामी यतीश्वरानंद ने बताया कि उनके कैबिनेट मंत्री रहते वर्ष 2022 में श्यामपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत कराया गया था। उन्होंने कहा कि भवन तैयार होने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं हो सकी थीं। क्षेत्रवासियों की समस्या को देखते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सचिव के समक्ष मामला रखा, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सेवाएं शुरू करने की प्रक्रिया पूरी की।

स्वामी ने कहा कि केंद्र शुरू होने से ग्रामीणों को सामान्य उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने जल्द रवसान नदी पर झूला पुल का कार्य शुरू कराने की बात भी कही।
इस दौरान सीएमओ डॉ. आरके सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. महिमानंद जोशी, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती समेत ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
