12 स्थानों पर लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर, 22 विभाग देंगे सरकारी योजनाओं का लाभ

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए हरिद्वार जिले में 22 सितंबर से ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान शुरू होगा। अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 12 स्थानों पर बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे।
शिविरों में 22 विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। यहां लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन, पंजीकरण, प्रमाणपत्र वितरण और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत 22 सितंबर को बहादराबाद, 24 सितंबर भगवानपुर, 26 सितंबर नगर निगम हॉल रुड़की, 29 सितंबर नारसन, एक अक्टूबर लक्सर, तीन अक्टूबर खानपुर, छह अक्टूबर शिवालिक नगर, आठ अक्टूबर इब्राहिमपुर, नौ अक्टूबर मंगलौर, 13 अक्टूबर पिरान कलियर, 15 अक्टूबर झबरेड़ा और 17 अक्टूबर भगवानपुर में शिविर आयोजित होगा। सभी शिविर सुबह 11 बजे से शुरू होंगे।
