
जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार । जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा है कि भारत सरकार द्वारा सेल्फ इनुमेरेशन (स्वयं गणना) की सुविधा शुरू कर दी गई है। 10 अप्रैल से प्रारंभ इस प्रक्रिया के तहत नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर लॉगिन कर अपने मोबाइल के माध्यम से अपने घर की लोकेशन मार्क कर सकते हैं और घर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं सहित सभी आवश्यक जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था जनगणना को अधिक पारदर्शी, सटीक और आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सेल्फ इनुमेरेशन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद एक यूनिक आईडी जनरेट होती है, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है। 25 अप्रैल से शुरू होने वाली घर-घर जनगणना के दौरान जब टीम आपके पास पहुंचेगी, तब इस आईडी को दिखाकर आप अपनी पहले से भरी जानकारी को सत्यापित करा सकते हैं, जिससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया भी सरल होगी। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिकतम उपयोग करें और सही व पूर्ण जानकारी दर्ज कर जनगणना को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
