
स्वच्छता से स्वास्थ्य शिविर तक… स्कूल-कॉलेजों और पंचायतों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम, जनभागीदारी पर जोर
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। सेवा, सुशासन और जनभागीदारी को लेकर हरिद्वार जिले में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होने जा रहा है। अभियान 18 अक्टूबर तक चलेगा। एक महीने के दौरान जिलेभर में जनसेवा और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों की लंबी श्रृंखला आयोजित की जाएगी। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद की दिया’ कार्यक्रम से होगा।

अभियान की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में हुई बैठक में सीडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और इनमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान का उद्देश्य विकसित भारत-2047 के संकल्प और केंद्र-राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ सेवा और सुशासन की भावना को मजबूत करना है।

अभियान के तहत सेवा दीप, मेरे सपनों का भारत, सेवा कार्य, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा हेतु अभियान, सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज, सुशासन सेवा संवाद और फिट इंडिया मूवमेंट जैसे कार्यक्रम होंगे।
स्कूल-कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, स्वास्थ्य शिविर, जनसंवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
बैठक में एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, एसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा, डीडीओ कमलेश कुमार पंत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
