
जनक्रांति ब्यूरों
बहादराबाद। शांतरशाह में सोमवार शाम बाइक मिस्त्री हैप्पी की गोली मारकर हत्या के बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश तेज कर दी है। दुकान पर बैठे 26 वर्षीय युवक पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने दो गोलियां चलाईं और फिर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल हैप्पी ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही बहादराबाद कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह और एसएसआई अशोक सिरसवाल पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाए। आसपास के इलाकों में पुलिस टीमों को सक्रिय कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है।

बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर किस दिशा से आए और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस गोलीकांड के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान के साथ-साथ मृतक के परिचितों तथा घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।
उधर, दिनदहाड़े दुकान पर युवक की गोली मारकर हत्या से क्षेत्र में दहशत है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और हमलावरों तक पहुंचने के लिए उपलब्ध सभी सुरागों को खंगाला जा रहा है।
