16 जुलाई को चलेगा वृहद पौधारोपण अभियान, 10 जुलाई तक तैयारियां पूरी करने के निर्देश

जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार।हरेला पर्व पर इस वर्ष हरिद्वार जिले में 30 हजार पौधे रोपे जाएंगे। इसके लिए 16 जुलाई को जिलेभर में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और सभी व्यवस्थाएं 10 जुलाई तक हर हाल में पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखकर पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, जैविक खाद, सिंचाई, ट्री-गार्ड और परिवहन की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही 11 से 15 जुलाई के बीच सभी चिन्हित स्थलों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि पौधारोपण के लिए सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, अस्पतालों, पार्कों, सड़क किनारे, नदी-नालों के तट, सामुदायिक स्थलों और सरकारी खाली भूमि को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक स्थल की जियो-टैगिंग कर पौधों की संख्या और उनकी देखरेख के लिए जिम्मेदार अधिकारियों का विवरण भी दर्ज किया जाएगा।

डीú पीपीएम ने ‘एक परिवार-दो पौधे’ अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि ‘हरित हरिद्वार’ अभियान के तहत स्थानीय और फलदार प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही रोपण के बाद पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और जीवित रखने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अभियान की तैयारियों की जानकारी दी।
कोट
“हरेला पर्यावरण संरक्षण का जन अभियान है। सभी विभाग समयबद्ध तैयारियां पूरी करें और पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण को भी प्राथमिकता दें।”
— मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी
