पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज, कोर्ट में पेशी के बाद भेजा गया जेल

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार।रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के सुमननगर चौकी अंतर्गत एक गांव में दुकान पर सामान लेने गई दो नाबालिग बालिकाओं से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। परिजनों की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात दोनों बालिकाएं गांव स्थित जनरल स्टोर एवं कन्फेक्शनरी की दुकान पर सामान खरीदने पहुंची थीं। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार ने उनके साथ अशोभनीय हरकत करते हुए गलत तरीके से छुआ। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण दुकान पर पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर सुमननगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर उसकी जांच की। इसके बाद आरोपी दुकानदार को हिरासत में लेकर रानीपुर कोतवाली लाया गया।
परिजनों की तहरीर के आधार पर देर रात आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
कोट
“परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।”
मनोहर सिंह भंडारी प्रभारी निरीक्षक रानीपुर कोतवाली
