भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी के बीच सरकारी-निजी स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश, आदेश न मानने पर होगी कार्रवाई

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा 20 जुलाई के लिए हरिद्वार में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। संभावित आपदा और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार (20 जुलाई) को जनपद के सभी सरकारी, गैर सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मयूर दीक्षित ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत आदेश जारी करते हुए सभी शिक्षण संस्थानों को इसका शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि आदेश की अनदेखी करने वाले किसी भी विद्यालय या संस्थान के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित और सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
