
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार/मेरठ। कांवड़ मेला-2026 को लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को मेरठ आयुक्त कार्यालय में दोनों राज्यों के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की हाई लेवल समन्वय बैठक हुई, जिसमें कांवड़ यात्रा को हर हाल में सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए संयुक्त रणनीति को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण ने की। उत्तराखंड की ओर से एडीजी अपराध एवं कानून-व्यवस्था डॉ. वी. मुरगेशन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप और एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह मौजूद रहे।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील मार्गों की निगरानी, आपातकालीन प्रतिक्रिया और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से मंथन हुआ। दोनों राज्यों के अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में रियल-टाइम समन्वय, सूचना के त्वरित आदान-प्रदान और संयुक्त कार्रवाई की रणनीति पर सहमति जताई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक या अव्यवस्था की गुंजाइश नहीं रहेगी। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित कार्ययोजना के तहत काम करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।
