
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार | श्रावण कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों, तकनीकी एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक भौतिक शिक्षण कार्य स्थगित करने के आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन के अनुसार कांवड़ यात्रा के चरम चरण में जिले की प्रमुख सड़कों पर भारी भीड़ और व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और आवागमन में होने वाली परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन कक्षाएं नियमित रूप से संचालित की जाएंगी।
डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधनों और उच्च शिक्षण संस्थानों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला सूचना अधिकारी को भी इस आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य बातें
30 जुलाई से 11 अगस्त तक ऑफलाइन पढ़ाई बंद
सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, तकनीकी संस्थान व आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए ऑनलाइन कक्षाएं चलेंगी
कांवड़ मेले की भीड़ और ट्रैफिक डायवर्जन को देखते हुए लिया गया फैसला
डीएम मयूर दीक्षित ने जारी किए आदेश
प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और जारी आदेशों का पालन करें।
