वीर नारियों का होगा सम्मान, पूर्व सैनिकों और सैनिक आश्रितों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील
लिंकहरिद्वार। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 26 जुलाई को रोशनाबाद स्थित श्री गोविन्द बल्लभ पंत जिला सभागार शौर्य और सम्मान का साक्षी बनेगा। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय की ओर से आयोजित ‘शौर्य दिवस’ कार्यक्रम में कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे, जबकि वीर नारियों को सम्मानित कर उनके अदम्य साहस और त्याग को नमन किया जाएगा।
कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) डॉ. सरिता पंवार ने जनपद के सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सैनिक आश्रितों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शहीदों को श्रद्धांजलि देने की अपील की है।
समारोह में पहुंचने वाले प्रतिभागियों की सुविधा के लिए परिवहन की व्यवस्था भी की गई है। रुड़की से सुबह 8:30 बजे तथा ज्वालापुर तहसील, हरिद्वार से सुबह 9:00 बजे 42-42 सीटर बसें रोशनाबाद के लिए रवाना होंगी। बस संबंधी जानकारी के लिए रुड़की क्षेत्र के पूर्व हवलदार राजेश कुमार और ज्वालापुर-बहादराबाद क्षेत्र के पूर्व हवलदार कृष्णा कुमार से संपर्क किया जा सकता है।
