विधायक आदेश चौहान बोले—हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। सरकारी योजनाओं को गांव-गांव और आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड सभागार बहादराबाद में ‘सेवा और सुशासन’ अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 17 विभागों ने एक ही छत के नीचे स्टॉल लगाकर लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान कई लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सुविधाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बना रही है। आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि और सौर ऊर्जा समेत कई योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोग उठा रहे हैं। उन्होंने लोगों से योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान और शोभाराम प्रजापति ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। सरकार की कोशिश है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
सेवा पखवाड़ा के सह-संयोजक एवं किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री देवी सिंह राणा ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर आयोजित शिविरों के माध्यम से सरकार जनता के द्वार पहुंच रही है। आमजन की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनसेवा, सुशासन और पारदर्शिता के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
शिविर में वरिष्ठ उप ब्लॉक प्रमुख उधम सिंह चौहान, बीडीओ बहादराबाद मानस मित्तल, मंडल अध्यक्ष प्रताप प्रधान, जिलाध्यक्ष तेलूराम प्रधान, भाजपा जिला मंत्री रेशू चौहान, चंद्रकिरण, नसीम सलमानी, रेश चौहान, राजकुमार चौहान, सुशांत, सचिन चौधरी, राजबीर क्लानियां, प्रधान नीरज चौहान, प्रधान विकास चौहान सहित जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
