
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। कांवड़ मेले के दूसरे दिन शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। शनिवार को 14 लाख 55 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक 25 लाख 10 हजार श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।

मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम के आंकड़ों के अनुसार हरकी पैड़ी सहित प्रमुख गंगा घाटों पर सुबह से ही शिवभक्तों की भारी आवाजाही बनी रही। गंगा स्नान और जल भरने के बाद श्रद्धालु बोल बम और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात है। स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के लिए विभागीय टीमें लगातार ड्यूटी पर जुटी हैं।
