गुरुकुल कांगड़ी में युवा संवाद कार्यक्रम, स्वरोजगार और पारदर्शी भर्ती पर मुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां

जनक्रांति ब्यूरों
बहादराबाद। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं के आत्मविश्वास से साफ है कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप, नवाचार और स्वरोजगार के जरिए रोजगार देने वाला ‘जॉब क्रिएटर’ बन रहा है।
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी केवल शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, भारतीय संस्कृति और संस्कारों का केंद्र है। यहां शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की भावना भी विकसित की जाती है।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, सौर स्वरोजगार, नई पर्यटन नीति और अन्य योजनाओं के जरिए युवाओं को नए अवसर दे रही है। बैंक ऋण प्रक्रिया को सरल किया जाएगा और युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा सहित बड़ी संख्या में युवा और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
