
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी की कथित टिप्पणी को लेकर संत समाज में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि करोड़ों शिवभक्तों की आस्था का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा भारत की सबसे बड़ी और पवित्र धार्मिक यात्राओं में से एक है, जिसमें देशभर से करोड़ों श्रद्धालु आस्था और अनुशासन के साथ भाग लेते हैं। ऐसे श्रद्धालुओं के लिए कथित रूप से अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल न केवल हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित करता है।
महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश ने मौलाना साजिद रशीदी से सार्वजनिक रूप से हिंदू समाज और समस्त कांवड़ियों से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार से पूरे मामले का संज्ञान लेकर कानून के तहत सख्त कार्रवाई करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि धर्म और आस्था पर विवादित बयान देकर समाज में तनाव पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।
संत समाज ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है और इसकी गरिमा पर किसी भी तरह की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी।
