
जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार। नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम अब स्कूलों तक पहुंच गई है। नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की हरिद्वार शाखा ने पुलिस मॉड कील स्कूल 40 पीएसी हरिद्वार और दीक्षा राइजिंग स्कूल में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
एएनटीएफ टीम ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी। इस दौरान नशे के दुष्प्रभावों से संबंधित वीडियो भी दिखाए गए, ताकि बच्चों को इसके खतरनाक परिणामों की वास्तविक तस्वीर समझाई जा सके। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को नशामुक्ति की राष्ट्रीय प्रतिज्ञा दिलाई गई

।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे खुद नशे से दूर रहें और अपने परिवार, रिश्तेदारों व आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करें। साथ ही नशे से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए मानस पोर्टल की हेल्पलाइन 1933 समेत अन्य पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में करीब 350 छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद रहे। एएनटीएफ ने साफ किया कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को इस बुराई से बचाने के लिए स्कूल-कॉलेजों में विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
