
जनक्रांति ब्यूरों
रुड़की। पिरान कलियर विधानसभा के सुभाष नगर मंडल में विधानसभा संयोजक मुनीष सैनी के नेतृत्व में भव्य रक्षा सूत्र कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, मातृशक्ति, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर भीड़ जुटने लगी और पूरा परिसर रक्षाबंधन के उल्लास में डूबा नजर आया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट रहे। उनके साथ राज्य मंत्री आदेश सैनी, जिला महामंत्री अक्षय प्रताप, मंडल अध्यक्ष संदीप पुरी, जिला अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा आदित्य रोड, गढ़वाल सभा अध्यक्ष जोशी, युवा मोर्चा जिला महामंत्री सूरज नेगी, जिला कोषाध्यक्ष अभिनव सैनी, जिला मंत्री प्रतिभा चौहान और महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नीलकमल समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

महेंद्र भट्ट ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षा सूत्र भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में महिलाओं ने रक्षा सूत्र बांधकर प्रेम, सम्मान और सामाजिक एकता का संदेश दिया। नन्ही बच्चियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रस्तुतियों पर कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

विधानसभा संयोजक मुनीष सैनी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पर्व मनाना नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, विश्वास और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने सभी अतिथियों, महिलाओं, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। इस दौरान पंकज पाल, सुरेश सैनी, धीरज सैनी, आरती बोखंडी, सुनीता गोस्वामी, सरिता, सविता, सुमन दयाल, मेघा और कविता समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
