
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। मायापुर स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बहादराबाद का सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने औचक निरीक्षण किया। कार्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बदहाल मिलने और घास-झाड़ियों की कटान नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।
डीएम ने तत्काल परिसर की सफाई कराने और नियमित रूप से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों का वातावरण साफ-सुथरा और व्यवस्थित होना चाहिए, ताकि यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिक्षा के अधिकार (आरटीई) अधिनियम से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आरटीई से संबंधित मामलों का निस्तारण पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ किया जाए। पात्र बच्चों को शिक्षा का अधिकार दिलाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने उपस्थिति पंजिका और पत्रावलियों का भी निरीक्षण किया। कर्मचारियों को रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।

डीएम ने प्रस्तावित पुस्तकालय स्थल का भी जायजा लिया। मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने बताया कि पुस्तकालय के निर्माण के लिए पेयजल निर्माण निगम ने 284.33 लाख रुपये का आकलन प्रस्ताव शासन को भेजा है, जिसकी स्वीकृति अभी लंबित है। डीएम ने शासन स्तर पर प्रभावी पत्राचार कर जल्द बजट स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी और जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह मौजूद रहे।
