
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में फरियादियों ने राजस्व, भूमि विवाद, बिजली, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड समेत विभिन्न समस्याएं उठाईं। कुल 44 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 26 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतें संबंधित विभागों को समयबद्ध समाधान के लिए भेजी गईं।
जनसुनवाई में औरंगाबाद निवासी योगेंद्र कुमार ने खेत के सामने सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण और जल निकासी की मांग रखी। सुमननगर निवासी कमलेश उप्रेती ने भारी बारिश से घर के आसपास हुए जलभराव की समस्या बताते हुए निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। औरंगाबाद निवासी प्रमोद कुमार ने पड़ोसियों पर मकान निर्माण में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

वहीं, नारसन के हरचंदपुर निवासी ओमकार ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत लगाए गए 25 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र के ऋण और ब्याज की पूर्ण माफी की मांग की। ब्रह्मपुरी (रावली महदूद) निवासी कमलेश ने मंदिर के पास संचालित शराब की दुकान को बंद कराने की मांग रखी। पुरनपुर साल्हापुर निवासी बबिता ने बारिश में क्षतिग्रस्त मकान का मुआयना कराकर आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण किया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। स्थलीय निरीक्षण वाली शिकायतों का अधिकारियों को आपसी समन्वय से समाधान कराने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर भी सख्ती
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। एल-1 स्तर पर 413 और एल-2 स्तर पर 120 शिकायतें लंबित मिलीं। अधिकारियों से इनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने को कहा गया।
