18 नवंबर को 29 शहरों में होगी प्रवेश परीक्षा, स्नातक अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
जनक्रांति ब्यूरों
देहरादून। उत्तराखंड में डीएलएड करने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। दो वर्षीय डीएलएड प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन मांगे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी छह अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बोर्ड सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल के अनुसार डीएलएड में प्रवेश के लिए स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा देनी होगी। परीक्षा 18 नवंबर को प्रदेश के 29 शहरों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा परिणाम के बाद मेरिट तैयार होगी और मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को डायट में प्रशिक्षण के लिए प्रवेश दिया जाएगा।
इस बार डीएलएड की 650 सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें विज्ञान वर्ग की 325 और कला एवं वाणिज्य वर्ग की 325 सीटें शामिल हैं। प्रत्येक डायट में दोनों वर्गों के लिए 50-50 सीटें रखी गई हैं।
कितना देना होगा शुल्क?
प्रशिक्षण की वार्षिक फीस 35 हजार रुपये है। प्रवेश परीक्षा शुल्क सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 600 रुपये, एससी-एसटी के लिए 300 रुपये और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 150 रुपये निर्धारित है।
ऐसे करें आवेदन
अभ्यर्थी डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए ukdeled.com पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख छह अक्टूबर है।
