नरेन्द्रनगर में बंद मकान से सोने के आभूषण चोरी का मामला खुला, शत-प्रतिशत माल बरामद; तीसरा आरोपी जम्मू फरार

जनक्रांति ब्यूरों
टिहरी। नरेन्द्रनगर में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया। 1100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने और कई राज्यों में दबिश के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद होने के साथ ही हिमाचल प्रदेश से चोरी की गई बाइक भी मिली है। मामले में तीसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जम्मू रवाना की गई है।

पुलिस के मुताबिक चार सितंबर को नरेन्द्रनगर निवासी सौरभ धमान्दा के बंद मकान का ताला तोड़कर सोने के आभूषण चोरी किए गए थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस और CIU की टीम ने जांच शुरू की। टिहरी, ऋषिकेश, रानीपोखरी, देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, अंबाला, यमुनानगर, सोलन, हल्द्वानी समेत कई स्थानों के 1100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हिमाचल के सोलन से बाइक चोरी कर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक बारिश और घने कोहरे का फायदा उठाकर आरोपियों ने बंद मकान में चोरी की। वारदात के बाद आरोपी चोरी का माल बेचने के लिए कई शहरों में घूमते रहे।
20 सितंबर को आरोपी नटराज चौक के पास चोरी की बाइक लेने पहुंचे तो पुलिस ने घेराबंदी कर शहनवाज और जाहिद उर्फ अतीक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से हार, मंगलसूत्र, झुमके, नथ, अंगूठियां समेत सभी चोरी के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार दोनों का कई राज्यों में आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। तीसरे आरोपी मौ. रफीक की तलाश जारी है।
