
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। हरिद्वार जिले में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 15 सितंबर की बजाय 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। एसआईआर का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है।
सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में सीडीओ ने एसआईआर की प्रगति और अब तक हुए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फॉर्म-6, 7 और 8 के निस्तारण की प्रक्रिया भी चल रही है।
सीडीओ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सभी राजनीतिक दलों का सहयोग मिल रहा है। शेष प्रक्रिया भी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरी कराई जाएगी।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में चल रहे पुनरीक्षण कार्य की सराहना की। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, सतीश कुमार दुबे, कैलाश प्रधान, राजीव गर्ग, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


