
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को लेकर चार बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक आदेश चौहान के प्रस्ताव पर कुल 3.41 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी है। इन परियोजनाओं से शिवालिकनगर नगरपालिका के वार्ड संख्या-2, 3 और 4 के साथ शिव मंदिर से चिन्मय डिग्री कॉलेज मार्ग की सड़कें सुधरेंगी।
स्वीकृत कार्यों में वार्ड-2 में 99.42 लाख रुपये से करीब 4.5 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। वहीं शिव मंदिर से चिन्मय डिग्री कॉलेज मार्ग पर 45.26 लाख रुपये से करीब एक किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण और डामरीकरण होगा।

इसी तरह शिवालिकनगर के वार्ड-3 में 97.48 लाख रुपये से करीब दो किलोमीटर सड़क का डामरीकरण और पुनर्निर्माण कराया जाएगा। वार्ड-4 में 99.11 लाख रुपये की लागत से करीब पांच किलोमीटर सड़क का डामरीकरण और पुनर्निर्माण प्रस्तावित है।
विधायक आदेश चौहान ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है।
