
23 अक्टूबर तक चलेगी भर्ती प्रक्रिया, CEE पास अभ्यर्थी ही ले सकेंगे हिस्सा; हरिद्वार समेत सात जिलों के युवाओं की होगी भर्ती जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का इंतजार कर रहे गढ़वाल क्षेत्र के युवाओं के लिए भर्ती रैली 5 अक्टूबर से रुड़की में शुरू होगी। बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर (बीईजी एंड सेंटर) में आयोजित होने वाली यह रैली 23 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित इस रैली में गढ़वाल क्षेत्र के सात जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन के अनुसार रैली में केवल वही अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 तक आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) पास किया है। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड में दी गई तारीख और समय के अनुसार रैली स्थल पर रिपोर्ट करना होगा।

इन जिलों के युवाओं की होगी भर्तीगढ़वाल क्षेत्र के चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के युवाओं के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी), टेक्निकल और ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) श्रेणियों में भर्ती होगी। वहीं अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के अभ्यर्थियों की भी निर्धारित तिथियों पर रैली होगी।

जीडी, टेक्निकल और ट्रेड्समैन के लिए 13 अक्टूबर को उत्तरकाशी व चमोली, 14 अक्टूबर को चमोली, 15 व 17 अक्टूबर को पौड़ी, 16 अक्टूबर को टिहरी, 18 अक्टूबर को रुद्रप्रयाग व देहरादून और 19 अक्टूबर को देहरादून व हरिद्वार के अभ्यर्थियों की रैली होगी। 20 अक्टूबर को टेक्निकल और ट्रेड्समैन के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भर्ती प्रक्रिया होगी।

दस्तावेज पूरे रखें, दलालों से बचें
सेना ने अभ्यर्थियों को रैली अधिसूचना में निर्धारित सभी मूल दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी है। दस्तावेजों में कमी होने पर परेशानी हो सकती है। साथ ही सेना ने दलालों और बिचौलियों से सावधान रहने को कहा है। भर्ती प्रक्रिया योग्यता के आधार पर होती है और किसी व्यक्ति के पैसे लेकर भर्ती कराने के दावे पर भरोसा न करने की अपील की गई है।
