
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। हरिद्वार प्रेस क्लब के वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण झा के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ज्वालापुर स्थित उनके आवास पर पहुंचे और दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रवीण झा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि प्रवीण झा का निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में समाज और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया। अपनी लेखनी के माध्यम से उन्होंने आम लोगों की समस्याओं और सामाजिक मुद्दों को सामने लाने का काम किया।
सांसद ने कहा कि प्रवीण झा की पत्रकारिता और उनकी स्मृतियां लंबे समय तक लोगों के बीच बनी रहेंगी। उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।
इस दौरान मौजूद पत्रकारों और गणमान्य लोगों ने भी दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साथ बिताए संस्मरण साझा किए
