जनक्रांति ब्यूरों
रुड़की ।विकसित भारत संकल्प सभा, सांसद त्रिवेंद्र रावत और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक समेत जुटे भाजपा नेता
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को रुड़की के बीएसएम कॉलेज मैदान में ‘सेवा ज्योति यात्रा–विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा और बैडमिंटन खिलाड़ी भारत भूषण गुप्ता समेत अतिथियों ने सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की। इसके बाद उपस्थित लोगों को विकसित भारत@2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से सेवा, सुशासन और विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
‘सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को दी प्राथमिकता’
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में गरीब, वंचित, किसान, महिला और युवाओं समेत समाज के विभिन्न वर्गों के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सरकार के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। केंद्र के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप राज्य में भी जनकल्याण और विकास परियोजनाओं को गति दी जा रही है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजन से पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी देकर लाभ दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, हरिद्वार मेयर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, रुड़की की मेयर डॉ. मधु सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विधायक रानीपुर आदेश चौहान, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, आदेश सैनी, नितिन गौतम, शोभाराम प्रजापति, अजीत सिंह, सागर गोयल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, तहसीलदार शुभाग्नि सहित भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
