विधायक आदेश चौहान ने किया निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन, ग्राम पंचायत निधि से चरणबद्ध तरीके से विकसित होगा परिसर

जनक्रांति ब्यूरों
बहादराबाद। जमालपुर खुर्द में वर्षों से चली आ रही श्मशान घाट की समस्या के समाधान की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं। गांव में व्यवस्थित श्मशान घाट नहीं होने के कारण ग्रामीणों को नहर किनारे सिंचाई विभाग की भूमि पर अंतिम संस्कार करना पड़ता था। अब ग्राम पंचायत निधि से श्मशान घाट का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। रविवार को रानीपुर विधायक आदेश चौहान की मौजूदगी में निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस पहल से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए सम्मानजनक और व्यवस्थित स्थान मिलने की उम्मीद जगी है।
ग्राम प्रधान की ओर से कराए जा रहे इस कार्य के तहत श्मशान घाट परिसर को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मोहित चौहान ने बताया कि श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए पहले पुल का निर्माण कराया गया। इसके बाद जमीन गहरी होने के कारण सैकड़ों डंपर मिट्टी डलवाकर भूमि का भराव कराया गया। अब परिसर में छत निर्माण, इंटरलॉकिंग टाइल लगाने और चाहरदीवारी को मजबूत करने का काम कराया जा रहा है

।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। परिसर में जल्द ही पानी और बिजली की व्यवस्था करने के साथ ग्रामीणों के बैठने के लिए बेंच भी लगवाई जाएंगी। इससे श्मशान घाट को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि गांव में श्मशान घाट की उचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती थी। नहर किनारे सिंचाई विभाग की भूमि पर अंतिम संस्कार करने की मजबूरी को दूर करने के लिए व्यवस्थित श्मशान घाट की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। ग्राम पंचायत की ओर से शुरू किया गया निर्माण कार्य ग्रामीणों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर राजू सैनी,सचिन कुमार,बृजेश चौहान, चन्द्रहास चौहान,अर्जुन चौहान,राकेश चौहान,चेतन चौहान,अनुज चौहान,विनय चौहान,संजीव चौहान,राजन चौहान,आकाश चौहान,तुषार चौहान,सचिन चौहान, जगपाल,मुकेश चौहान,मदन पाल, सोमपाल,आकाश चौहान,अमित चौहान,वंश,अभिषेक कुमार,संजीव कुमार,सचिन,रामबीर,प्रविंद,शोभित शर्मा,दिनेश शर्मा,नरेश कुमार,मोहित कुमार,रोहित चौहान,राजकुमार आदि सैकड़ों ग्रामवासी क्षेत्रवासी उपस्थित रहे
