जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने जनपद की सीमा से बाहर किया
जनक्रांति ब्यूरों हरिद्वार। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सिडकुल पुलिस ने जयप्रकाश यादव को चार महीने के लिए जिलाबदर किया है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने उसे हरिद्वार जनपद की सीमा से बाहर किया।
गुंडा एक्ट के तहत भेजी गई थी रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत जयप्रकाश यादव पुत्र रामनाथ यादव निवासी नेहरू कॉलोनी, सिडकुल के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी गई थी। मामले पर सुनवाई के बाद जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) ने आरोपी को चार महीने के लिए जिलाबदर करने का आदेश जारी किया।
जिले में प्रवेश किया तो होगी कार्रवाई
आदेश मिलने के बाद सिडकुल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जयप्रकाश यादव को जनपद की सीमा से बाहर कर दिया। पुलिस ने उसे निर्धारित चार महीने की अवधि में हरिद्वार जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी है। आदेश का उल्लंघन कर जिले में प्रवेश करने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक नजर में
- नाम: जयप्रकाश यादव पुत्र रामनाथ यादव
- निवासी: नेहरू कॉलोनी, थाना सिडकुल, हरिद्वार
- कार्रवाई: गुंडा एक्ट के तहत चार महीने के लिए जिलाबदर
- आदेश: जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व), हरिद्वार
