आरटीओ पहले ही काट चुका था चेचिस नंबर, टेंपो मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। पुराने पावर हाउस के पास गंग नहर में लगातार खनन की शिकायत पर बहादराबाद बाजार चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खनन में इस्तेमाल हो रहे एक ऑटो को कब्जे में लिया है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि ऑटो का चेचिस नंबर आरटीओ हरिद्वार पहले ही काट चुका था और वाहन को नष्ट घोषित किया जा चुका था। इसके बावजूद ऑटो का इस्तेमाल खनन में किया जा रहा था।
चालक गिरफ्तार, मालिक पर भी कार्रवाई
बाजार चौकी प्रभारी विकास रावत ने बताया कि गंग नहर के पास खनन की शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की। मौके पर खनन में इस्तेमाल हो रहे ऑटो को कब्जे में लिया गया। पुलिस ने चालक अनिकेत पुत्र युसुफ निवासी दादुपुर गोबिंदपुर, कोतवाली रानीपुर को गिरफ्तार कर लिया है।
चौकी प्रभारी के अनुसार, चालक के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, टेंपो मालिक नईम पुत्र नसीर के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
नष्ट घोषित वाहन के इस्तेमाल पर सवाल
आरटीओ की ओर से चेचिस नंबर काटे जाने और वाहन को नष्ट घोषित किए जाने के बावजूद उसका खनन में इस्तेमाल होना जांच का विषय है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब वाहन के संचालन और खनन में उसकी भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
