एसएसपी नवनीत सिंह ने नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण, कानून व्यवस्था और हाईवे पर यातायात प्रबंधन को मिलेगी मजबूती

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे चिड़ियापुर में कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों की घुसपैठ पर अंकुश लगाने के लिए नई पुलिस चौकी तैयार हो गई है। सोमवार को एसएसपी नवनीत सिंह ने थाना श्यामपुर क्षेत्र की चिड़ियापुर चौकी के नवनिर्मित भवन का पूजा-अर्चना के बाद लोकार्पण किया। हाईवे पर स्थित यह चौकी सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस निगरानी और यातायात व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बॉर्डर क्षेत्र में बढ़ेगी निगरानी

लोकार्पण के बाद एसएसपी ने चौकी परिसर का निरीक्षण किया और तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई चौकी के संचालन से सीमावर्ती क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने, शातिर अपराधियों की घुसपैठ रोकने और आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।

यातायात प्रबंधन में भी मिलेगी मदद
चिड़ियापुर चौकी हाईवे पर स्थित होने के कारण यातायात व्यवस्था के लिहाज से भी अहम है। नई चौकी से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी और निगरानी को मजबूती मिलने की उम्मीद है। स्थानीय निवासियों ने इसे सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी दीपक कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी, थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, श्यामपुर के पुलिसकर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय निवासी मौजूद रहे।
