जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार ।उत्तराखण्ड में शनिवार 02 मई को मोबाइल फोन पर एक विशेष अलर्ट संदेश भेजा जाएगा। यह संदेश सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के माध्यम से जारी किया जाएगा। इसके साथ मोबाइल फोन पर घंटी या तेज नोटिफिकेशन ध्वनि भी सुनाई दे सकती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल परीक्षण अलर्ट है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि इस परीक्षण का उद्देश्य राज्य में स्थापित आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली की कार्यक्षमता जांचना है। इसके जरिए यह देखा जाएगा कि किसी आपदा की स्थिति में चेतावनी संदेश लोगों तक कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से पहुंचते हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, भारत सरकार के सहयोग से राज्य में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मौसम पूर्वानुमान और आपदा संबंधी जरूरी सूचनाएं समय पर आम जनता तक पहुंचाना है, ताकि जनहानि और नुकसान को कम किया जा सके।
यह परीक्षण अलग-अलग मोबाइल नेटवर्क क्षेत्रों में किया जाएगा। इससे यह भी पता लगाया जाएगा कि किन क्षेत्रों में संदेश पहुंचने में दिक्कत आ रही है और कहां सुधार की जरूरत है।
प्रशासन ने कहा कि भविष्य में किसी वास्तविक आपदा की स्थिति में इसी तरह का अलर्ट जारी किया जाएगा, जिसे गंभीरता से लेना होगा और प्रशासन के निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा।
संभावित संदेश इस प्रकार होगा:
“भारत द्वारा स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए अपने नागरिकों के लिए त्वरित आपदा चेतावनी सेवा हेतु सेल ब्रॉडकास्ट की शुरुआत की जा रही है। यह एक परीक्षण संदेश है। इस संदेश पर किसी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है।”
FacebookWhatsAppGmailTwitterTelegramSnapchatXLinkedInShareLA
