
जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार बुग्गावाला क्षेत्र के बंजारेवाला गांव में 12 साल के मासूम राम रहीम को मगरमच्छ ने अपना निवाला बना लिया जिससे गांव में शोक की लहर छा गई है आनन फानन मौके पर पहुंची पुलिस ने वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर मगरमच्छ को पकड़ कर अन्य जगह भिजवाया।

बंजारेवाला गांव निवासी रामकुमार का 12 वर्षीय बेटा राम रहीम स्टोन क्रेशर के पास खेल रहा था। तभी पानी में छिपे मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और जबड़ों में दबाकर गहरे पानी में खींच ले गया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
सूचना पर बुग्गावाला पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बुग्गावाला क्षेत्र के बंजारेवाला गांव में 12 साल के मासूम राम रहीम को निवाला बनाने वाला खूंखार मगरमच्छ आखिरकार वन विभाग के जाल में कैद हो गया। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम को यह सफलता मिली। मगरमच्छ पकड़े जाने के बाद गांव में फैली दहशत के बीच लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन मासूम की दर्दनाक मौत से हर आंख नम है।
