जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार।आज के दौर में जहाँ हर तरफ गाड़ियों का धुआँ और बढ़ता प्रदूषण एक बड़ी चुनौती बन चुका है, वहीं हरिद्वार से एक बेहद प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। यहाँ के मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने पर्यावरण और सेहत को लेकर एक ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर तरफ तारीफ हो रही है।
हाथ में फाइलों का पुलिंदा नहीं, बल्कि साइकिल का हैंडल… और चेहरे पर पर्यावरण को बचाने का संकल्प। ये हैं हरिद्वार के मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र। आज सुबह जब डॉ. मिश्र अपने आवास से जिला कार्यालय रोशनाबाद में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के लिए निकले, तो उन्होंने अपनी सरकारी गाड़ी को छोड़ दिया और साइकिल उठाकर पैडल मारते हुए दफ्तर पहुँच गये।
डॉ. ललित नारायण मिश्र की इस अनूठी पहल का मकसद बेहद साफ था— ‘ईंधन बचाओ और पर्यावरण सुरक्षित करो’। CDO ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के पर्यावरण संरक्षण के आह्वान से प्रेरित होकर उन्होंने यह कदम उठाया है।
