दिल्ली से मेरठ के बीच चल रही नमो भारत ट्रेन का विस्तार अब ऋषिकेश तक किए जाने की तैयारी है. प्रस्तावित 150 किमी लंबे नए कॉरिडोर से दिल्ली-ऋषिकेश यात्रा मात्र तीन घंटे में पूरी हो सकेगी. यह रूट मेरठ, मुजफ्फरनगर और ऋषिकेश को जोड़ेगा.

: जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार।दिल्ली से मेरठ के बीच दौड़ रही नमो भारत ट्रेन अब जल्द ही उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक शहरों में से एक ऋषिकेश तक पहुंच सकती है. केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, उत्तराखंड सरकार और नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) के बीच सहमति बनने के बाद मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत कॉरिडोर के विस्तार की प्रक्रिया तेज हो गई है. प्रस्तावित परियोजना के तहत मौजूदा दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर को करीब 150 किलोमीटर आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे दिल्ली से ऋषिकेश तक का सफर महज तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा.
फिलहाल नमो भारत ट्रेन दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक लगभग 82 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर संचालित हो रही है. मेरठ से ऋषिकेश तक 150 किलोमीटर के विस्तार के बाद इस कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 230 किलोमीटर हो जाएगी.
नमो भारत ट्रेन की अधिकतम गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा है. ऐसे में दिल्ली से ऋषिकेश की दूरी लगभग तीन घंटे में तय की जा सकेगी. वर्तमान में सड़क मार्ग से मेरठ होते हुए दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने में करीब छह घंटे का समय लगता है. इस परियोजना के पूरा होने के बाद यात्रा का समय लगभग आधा रह जाएगा.
उत्तराखंड सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस परियोजना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर प्रस्ताव सौंपा था. इसके बाद विभिन्न स्तरों पर चर्चा हुई और अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना को आगे बढ़ाने पर सहमति बन गई है.
परियोजना को गति देने के लिए उत्तराखंड सरकार ने अतिरिक्त सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।.
