
जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार। जिला प्रशासन ने आगामी मानसून से पहले तैयारियों का अलर्ट घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आज जिला आपदा प्रबंधन सभागार में की गई अहम बैठक में अधिकारियों को चेतावनी और दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी ने नगर निगम, जिला पंचायत, लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई समेत सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने अधीनस्थ नालों, नालियों की मानसून से पहले सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसील और खंड स्तर पर आपदा उपकरण मैनटेन कराने और राहत केंद्रों को सक्रिय रखने के भी निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि “सिंचाई विभाग उन क्षेत्रों का निरीक्षण कर चिन्हित करे जहाँ जलभराव और भूमि कटान की संभावना रहती है। तटबंधों की मरम्मत को प्राथमिकता दी जाए।” बढ़ती गर्मी को देखते हुए जल संस्थान और पेयजल निगम को निर्देश दिए गए कि किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट न हो। पेयजल संबंधी शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर 18001804100 भी जारी किया गया है। साथ ही आने वाले कावड़ मेले को लेकर यातायात और कावड़ियों के आगमन को लेकर समुचित व्यवस्था बनाने के भी निर्देश जारी किए गए।
