सड़कें जल्द होंगी गड्ढामुक्त, सीवर-पेयजल के काम के बाद तत्काल होगी सड़क की मरम्मत

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। शहर की बदहाल सड़कों, अतिक्रमण और बेतरतीब झूलते केबल तारों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को डाम कोठी में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कामों में तेजी लाने और लापरवाही पर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
डीएम ने लोनिवि अधिकारियों को अभियान चलाकर जिले की प्रमुख और संपर्क सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने को कहा। क्षतिग्रस्त सड़कों पर तत्काल मरम्मत शुरू कर निर्धारित समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गुणवत्ता से समझौता नहीं करने को कहा।
यातायात व्यवस्था को लेकर प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी प्रबंधन के निर्देश दिए गए। सिटी मजिस्ट्रेट को नगर निगम, पुलिस और संबंधित विभागों के साथ मिलकर फुटपाथ और सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
सीवर और पेयजल लाइनों के लिए खोदी गई सड़कों को लेकर भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कार्य पूरा होते ही सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल करने और क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए।

शहर में झूलते और अनुपयोगी केबल तारों को हटाने के साथ विद्युत विभाग को झूलते तार दुरुस्त करने और ट्रांसफार्मरों के आसपास उगी झाड़ियों की सफाई के निर्देश दिए गए। चौराहों और सड़क किनारे रेहड़ी-ठेली को अवैध बिजली कनेक्शन दिए जाने पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। जनहित के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग होगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
