180 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा शहर

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हरिद्वार में राष्ट्रभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक मदन कौशिक के नेतृत्व में आर्य नगर चौक से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में 180 फीट लंबे तिरंगे को लेकर एनसीसी के छात्र शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ शुरू हुई यात्रा ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, युवा और स्थानीय नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। यात्रा का समापन चंद्राचार्य चौक पर हुआ। इस दौरान लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, स्वाभिमान, एकता और वीरता का प्रतीक है। असंख्य वीरों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज हमारा दायित्व है कि उनके सपनों के भारत के निर्माण में योगदान दें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, विकास और राष्ट्र गौरव की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को सशक्त बनाना है।
हरिद्वार नगर निगम की महापौर किरण जैसल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा देश की शान है। हजारों क्रांतिकारियों ने तिरंगे को अपने शरीर पर लपेटकर हंसते-हंसते देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर किए। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा हर भारतीय के लिए गौरव का विषय है। युवाओं का उत्साह इस बात का प्रतीक है कि देश के अमर बलिदानी आज भी हर भारतीय के दिल में जीवित हैं।

यात्रा में पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अभिनव चौहान, कार्यक्रम संयोजक लव शर्मा, दीपांशु विद्यार्थी, राजकुमार अरोड़ा, अन्नू कक्कड़, सुभाष चंद्र, सांसद प्रतिनिधि अनिल पुरी, तरुण नय्यर, अनिमेष शर्मा, तुषांक भट्ट, किशन बजाज, आशु चौधरी, विकास प्रधान, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीति गुप्ता, देवेश ममगई, पारुल चौहान, करण वर्मा, निकुंज शर्मा, अंकित रघुवंशी, नवीन तेश्वर, सत्यनारायण शर्मा, मोनिका सैनी, निशा नोडियाल, राकेश नोडियाल, भोला शर्मा, सुमित लखेड़ा, अर्श नय्यर, कपिल बालियान, सूरज भारद्वाज, मुकुल भारद्वाज, लवी चौहान, उमेश पाठक, रेशु चौहान, हरजीत सिंह, मृदुल कौशिक, सुनील सेठी, सुरेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे
