स्विगी-जोमैटो पर ऑर्डर लेने से लेकर डिजिटल मार्केटिंग तक का प्रशिक्षण, कारोबार शुरू कराने में भी मदद करेगी योजना की टीम

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। घर की रसोई को कारोबार में बदलकर महिलाएं अब अपनी कमाई का रास्ता खोल सकेंगी। इसके लिए महिलाओं को क्लाउड किचन चलाने, ऑनलाइन ऑर्डर लेने और सोशल मीडिया के जरिए अपने व्यंजनों की मार्केटिंग करने का प्रशिक्षण दिया गया। शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के स्पोक सेंटर में छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना और रीप टीम के सहयोग से आयोजित प्रशिक्षण आरसेटी ने दिया। इसमें महिलाओं को बताया गया कि बिना बड़ा रेस्टोरेंट खोले भी घर से खाद्य व्यवसाय शुरू किया जा सकता है। इसके लिए गूगल बिजनेस प्रोफाइल बनाने, गूगल सर्च और मैप्स पर कारोबार दर्ज कराने तथा स्विगी और जोमैटो जैसे प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई गई।

सोशल मीडिया बनेगा कारोबार का जरिया
प्रशिक्षण में इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप बिजनेस के जरिए व्यंजनों का प्रचार करने, ग्राहकों तक पहुंच बनाने और ऑनलाइन ऑर्डर हासिल करने के तरीके सिखाए गए। महिलाओं को उत्पादों की ब्रांडिंग और बाजार की मांग के अनुरूप कारोबार आगे बढ़ाने की जानकारी भी दी गई।
लाइसेंस से लेकर आर्थिक मदद तक सहयोग
सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि महिलाओं को केवल प्रशिक्षण देकर नहीं छोड़ा जाएगा, बल्कि कारोबार शुरू करने में भी मदद की जाएगी। योजना की टीम उद्यम पंजीकरण, आवश्यक खाद्य लाइसेंस और अन्य औपचारिकताएं पूरी कराने में मार्गदर्शन देगी। इच्छुक महिलाओं को उपलब्ध प्रावधानों के तहत ऋण और वित्तीय संसाधनों तक पहुंच बनाने में भी सहयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम में आरसेटी निदेशक शिव कुमार, एलडीएम दिनेश कुमार गुप्ता, योजना से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी और प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाएं मौजूद रहीं।
