
जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हरिद्वार जिले में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत सेवा, सुशासन, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम पूरे जिले में आयोजित होंगे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान के लिए मुख्य विकास अधिकारी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नामित किया है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। अमृत सरोवरों, जन औषधि केंद्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। वहीं 17 सितंबर से 8 अक्टूबर तक स्कूल-कॉलेजों में ‘मेरा सपनों का भारत’ विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं होंगी।
अभियान में नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आंगन मिलन सेवा, स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर, सेवा ज्योति कलश यात्रा और ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसे कार्यक्रम भी होंगे। नागरिकों को स्वच्छता, पौधरोपण, रक्तदान और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर स्वदेशी और खादी अपनाने के साथ वोकल फॉर लोकल के प्रति जागरूकता कार्यक्रम होंगे। फिट इंडिया के तहत खेल, योग और दौड़ जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
डीएम ने सभी नोडल अधिकारियों को कार्यक्रमों की प्रतिदिन रिपोर्ट, फोटो और वीडियो प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
