UK08 BM सीरीज के फैंसी नंबरों के लिए खरीदारों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा, 0001 से 8888 तक लाखों में बिके पसंदीदा नंबर

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। हरिद्वार में वाहन का नंबर अब सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि स्टेटस का प्रतीक भी बनता जा रहा है। परिवहन विभाग की नई पंजीकरण श्रृंखला UK08 BM शुरू होते ही फैंसी (VIP) नंबरों के लिए ऐसी होड़ मची कि ऑनलाइन ई-नीलामी में लाखों रुपये की बोलियां लग गईं। सबसे अधिक चर्चा UK08 BM-0009 की रही, जिसे हासिल करने के लिए ₹5.40 लाख की रिकॉर्ड बोली लगी।
ई-नीलामी में UK08 BM-0001 भी पीछे नहीं रहा और ₹4.91 लाख में नीलाम हुआ। इसके अलावा 0007 के लिए ₹3.88 लाख, 0008 के लिए ₹1.73 लाख, 0002 के लिए ₹1.41 लाख और 9000 के लिए ₹91 हजार की बोली लगी। वहीं 1111, 8888, 5555, 0101, 0099, 0077 और 0999 जैसे लोकप्रिय नंबरों को पाने के लिए भी लोगों ने बढ़-चढ़कर बोली लगाई।
नई सीरीज खुलते ही मिली इस जबरदस्त प्रतिक्रिया ने साफ कर दिया कि हरिद्वार में फैंसी नंबरों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। लोग अपनी पसंद और प्रतिष्ठा से जुड़े नंबरों के लिए लाखों रुपये खर्च करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।
ऑनलाइन ई-ऑक्शन के जरिए हुई इस नीलामी से परिवहन विभाग को अच्छा-खासा राजस्व प्राप्त हुआ। विभाग का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन, पारदर्शी और निष्पक्ष रही, जिससे सभी प्रतिभागियों को समान अवसर मिला।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा ने बताया कि नई सीरीज शुरू होते ही नागरिकों में फैंसी नंबरों को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि विभाग भविष्य में भी नियमित रूप से ई-नीलामी आयोजित करेगा, ताकि इच्छुक वाहन स्वामी पारदर्शी प्रक्रिया के तहत अपनी पसंद का पंजीकरण नंबर प्राप्त कर सकें।
