हरिद्वार-नजीबाबाद से मंगलौर तक सड़कों का निरीक्षण, अफसरों को सख्त निर्देश—लापरवाही पर कार्रवाई

जनक्रांति ब्यूरों
हरिद्वार। जनपद की बदहाल सड़कों और यातायात व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अब मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार को डीएम ने हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर मंगलौर तक सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर गड्ढे, अतिक्रमण, झाड़ियां, साफ-सफाई और निर्माणाधीन फ्लाईओवर की स्थिति का जायजा लिया।

डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क के गड्ढों के कारण किसी भी स्थिति में दुर्घटना नहीं होनी चाहिए। बरसात से क्षतिग्रस्त हिस्सों पर तत्काल पैचवर्क कराने और खराब हिस्सों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण को लेकर भी डीएम सख्त नजर आए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन पर लगने वाली रेडी-ठेलियों और अन्य अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाने तथा दोबारा अतिक्रमण न होने देने के निर्देश दिए।

सड़क किनारे उगी झाड़ियों को लेकर भी अधिकारियों को तत्काल कटान और सफाई कराने को कहा गया। डीएम ने कहा कि झाड़ियों के कारण कई जगह दृश्यता प्रभावित होती है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है।
वहीं निर्माणाधीन फ्लाईओवरों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने गुणवत्ता से समझौता न करने और कुंभ मेले से पहले जरूरी निर्माण कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर भी जोर दिया गया।

दुर्घटना संभावित स्थानों पर परिवहन विभाग को साइन बोर्ड, चेतावनी संकेतक, उचित यातायात प्रबंधन और आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत, अतिक्रमण हटाने, सफाई और सड़क सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक एनएचआई विशाल गोयल, प्रोजेक्ट मैनेजर सुमित कुमार, एआरटीओ निखिल शर्मा, नेहा झा, कृष्ण चंद्र पलड़िया समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
