
जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार ।ऑपरेशन प्रहार के तहत सिडकुल पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। ढाबों और सड़कों पर जाम छलकाते 62 नशेड़ियों को दबोच लिया। फैक्ट्रियों के बाहर महिलाओं पर फब्तियां कसने वालों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा है।
मुख्यालय के निर्देश पर एसएसपी हरिद्वार के आदेश से सिडकुल कोतवाली पुलिस ने बीती रात बड़ा एक्शन चलाया। थानाध्यक्ष अजय शाह की अगुवाई में टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, ढाबों और सड़क किनारे शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर नकेल कसी। फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय महिलाओं पर फब्तियां कसने की शिकायतों का भी संज्ञान लेते हुए सिडकुल पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर भी चालानी कार्यवाही की है। हरिद्वार पुलिस की इस कार्यवाही में कुल 62 असामाजिक तत्व पकड़े गए, जिनके खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई हुई है। साथ ही सभी को सख्त चेतावनी भी दी गई कि खुले में शराब न पिएं, न पिलाएं, वरना कानूनी कार्रवाई होनी तय है।
