
जनक्रांति ब्यूरो
हरिद्वार । राज्य सरकार की अभिनव पहल, अब रविवार को मिनी सचिवालयो में राष्ट्र निर्माण केंद्र की थीम पर चलेंगी प्रेरणादायी गतिविधियां हरिद्वार जनपद की ग्राम पंचायतों में बने मिनी सचिवालय अब केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण और नैतिक शिक्षा के केंद्र के रूप में भी विकसित किए जाएंगे। इस पहल का परीक्षण भी रावली महदूद गांव में सफलतापूर्वक किया गया।

आदेश चौहान ने कहा तहत पहले चरण में 25 मिनी सचिवालयों में “राष्ट्र निर्माण केंद्र” संचालित किए जाएंगे। यहां कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को नैतिक शिक्षा, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक बुराइयों से बचाव, खेलकूद और प्रेरणादायी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम प्रत्येक रविवार अथवा अवकाश दिवस पर सुबह 9 बजे से 11 बजे तक आयोजित होगा।

रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने इस पहल को ग्रामीण बच्चों के भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि गांवों में संस्कार और शिक्षा आधारित वातावरण तैयार करना समय की मांग है। वहीं डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह ने कहा कि पंचायतें केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

ग्राम प्रधान प्रमोद पाल ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर शिक्षकों, अभिभावकों, बुद्धिजीवियों और सेवानिवृत्त लोगों का सहयोग लेकर बच्चों को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।
*
